भागलपुर में हथियार के साथ फोटो वायरल होने पर पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; देसी कट्टा बरामद

भागलपुर। सोशल मीडिया पर अवैध आग्नेयास्त्र के साथ फोटो वायरल होने के मामले में भागलपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वायरल फोटो की तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच की। इसके बाद दोनों आरोपियों की पहचान कर उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है।

 

Sponsored Advertisement

भागलपुर पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखी जा रही है। संदिग्ध या कानून-विरुद्ध गतिविधियों से संबंधित सामग्री सामने आने पर उसका सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

 

इसी क्रम में 19 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया पर अवैध आग्नेयास्त्र के साथ एक व्यक्ति की फोटो वायरल होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना के बाद पुलिस ने मामले का सत्यापन और अनुसंधान शुरू किया।

 

मामले की जांच के लिए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नगर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पर्यवेक्षण और ललमटिया थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर वायरल फोटो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की।

 

पुलिस के अनुसार, फोटो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान हिमांशु कुमार उर्फ छोटू, पिता रंजन मंडल के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके ठिकाने पर छापेमारी की। जांच के दौरान दूसरे आरोपी अजीत कुमार, पिता सुभाष ठाकुर की भी पहचान हुई। दोनों नसरतखानी नेताजी कॉलोनी, थाना ललमटिया, भागलपुर के निवासी बताए गए हैं।

 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और अनुसंधान से मिली जानकारी के आधार पर हिमांशु कुमार उर्फ छोटू की निशानदेही पर अजीत कुमार के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

कार्रवाई में ललमटिया थाना के सहायक थानाध्यक्ष विपिन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक भूषण कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक हरिनारायण मांझी और सशस्त्र बल शामिल रहे।

 

पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों से संबंधित सामग्री की निगरानी जारी है और सत्यापन के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

किन्नर गुरु पल्लवी ने थामा लोजपा (रामविलास) का दामन, बनीं जिला उपाध्यक्ष

सहरसा। कोसी क्षेत्र की चर्चित समाजसेवी किन्नर गुरु पल्लवी ने रविवार को अपने समर्थकों और सहयोगियों के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने…

सहरसा के रोशन सिंह धौनी सातवीं बार राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में तकनीकी पदाधिकारी नियुक्त

सहरसा। जिले के खेल जगत के लिए गौरव की खबर है। सहरसा जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सह मध्य विद्यालय पटुआहा के शारीरिक शिक्षा शिक्षक रोशन सिंह धौनी को 37वीं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *