भागलपुर। युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत मोजाहिदपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने थाना क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर के पास छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 119 बोतल कोरेक्स सिरप, एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए हॉट-स्पॉट चिह्नित कर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में 19 सितंबर 2026 को मोजाहिदपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि थाना के समीप ट्रांसफॉर्मर के पास कथित तौर पर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई के लिए भेजी गई। पुलिस टीम जब ट्रांसफॉर्मर के पास पहुंची तो वहां मौजूद एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। इसके बाद सशस्त्र बल की मदद से पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद अफजल अली, पिता मोहम्मद इब्राहिम, निवासी इस्लामनगर, थाना रजौन, जिला बांका के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 11.9 लीटर यानी 119 बोतल कोरेक्स सिरप बरामद किया गया। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने बरामद सामान को विधिवत जब्त करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि सिरप कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
छापेमारी टीम में मोजाहिदपुर थाना के सहायक थानाध्यक्ष सरोज कुमार, सहायक अपर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मंडल, संदीप कुमार और पुष्पा कुमारी के साथ थाना का सशस्त्र बल शामिल था।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सूचना मिलने पर सत्यापन के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






