जामताड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर को लेकर युवाओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर सेवा कार्य में अपनी भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों और संगठन की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का उल्लेख किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस देशभर में सेवा पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर विभिन्न राज्यों में रक्तदान सहित कई सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जामताड़ा में भी जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह के नेतृत्व में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है।
मनीष दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा देशसेवा की भावना को प्राथमिकता देने की बात कहते रहे हैं। इसी भावना से प्रेरित होकर युवा कार्यकर्ता रक्तदान जैसे सेवा कार्यों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने युवाओं से समाजहित में आगे बढ़कर सेवा कार्यों में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम के संयोजक सह जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने अपने घरों तथा मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
उन्होंने कहा कि अभियान के दूसरे दिन युवा मोर्चा के बैनर तले रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। 17 अक्टूबर तक भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा






