पलामू। विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पलामू जिले में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरणविद् एवं ट्री मैन डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने नावा बाजार स्थित प्रसिद्ध ताली चढ़ीधाम में पौधरोपण कर दोनों अवसरों को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने कर्नाटक प्रजाति के चंदन और थाईलैंड प्रजाति के बारहमासी आम के पौधे लगाए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को पर्यावरण धर्म के आठ मूल ज्ञान मंत्रों की शपथ भी दिलाई गई। लोगों ने पर्यावरण की रक्षा करने, पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ और हरित भारत का संदेश दिया गया।
डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि निर्माण और देवताओं के अभियंता के रूप में माना जाता है। प्रकृति, जंगल और पर्यावरण का संरक्षण किए बिना सृष्टि का संतुलन बनाए रखना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास की होड़ में जंगलों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी स्तर पर चलाए जाने वाले अभियानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने की अपील की।
इस अवसर पर ताली चढ़ीधाम के सचिव उदय महतो ने धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग रखी। उन्होंने डॉ. कौशल किशोर जायसवाल द्वारा प्रत्येक वर्ष यहां पौधरोपण किए जाने की सराहना की।
कार्यक्रम में संतोष मेहता, अनुज कुमार, सत्येंद्र मेहता समेत कई लोग मौजूद रहे। पौधरोपण कार्यक्रम के जरिए विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण के संदेश से जोड़ा गया।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू






