
भागलपुर। ‘साइबर सिक्योर बिहार’ अभियान के तहत नगर स्थित एलिमेंट्री स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े खतरों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान बच्चों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से इंटरनेट इस्तेमाल करने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भागलपुर के सिटी एसपी एवं अभियान प्रमुख अभिनव दास, पंडित हरि नारायण शुक्ला फाउंडेशन के सचिव राजेश कुमार शुक्ला, साइबर डीएसपी प्रेरणा सिंह, प्रोफेसर राकेश, पत्रकार एवं स्तंभकार अविकल नारायण शुक्ला, वार्ड पार्षद सरिता देवी समेत सुल्तानगंज थाना और साइबर थाना भागलपुर के पदाधिकारी मौजूद रहे।
सिटी एसपी ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल या मैसेज का जवाब देने से होने वाले नुकसान के प्रति सावधान किया। उन्होंने बच्चों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी अभिभावकों और शिक्षकों को देने की अपील की।
अभियान प्रमुख अभिनव दास ने बाल साइबर अपराध, सोशल मीडिया ठगी, निजी जानकारी साझा करने के खतरे और डिजिटल फुटप्रिंट के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर की गई छोटी सी लापरवाही भविष्य में परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखना जरूरी है।
साइबर डीएसपी प्रेरणा सिंह ने साइबर बुलिंग, डिजिटल अरेस्ट, निजी तस्वीरों से छेड़छाड़ और उनके दुरुपयोग जैसे मामलों को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने के बजाय तुरंत अभिभावक, शिक्षक या पुलिस की मदद लेनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सिटी एसपी, अभिनव दास और साइबर डीएसपी प्रेरणा सिंह को ‘पंडित हरि नारायण सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा विषय पर पेंटिंग प्रदर्शनी लगाई। साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचाव का संदेश दिया। उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। कार्यक्रम में मुरारका कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने भी सक्रिय भागीदारी की। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा को लेकर उत्साह देखने को मिला।





