धनबाद जिले में सांसद की पहचान और राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर ठगी करने का मामला सामने आया है। खुद को धनबाद का सांसद बताकर पुणे के एक कारोबारी से 12 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में पुणे क्राइम ब्रांच की टीम ने जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के भागा से बबलू नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी तक पहुंचने में एक किशोरी के मोबाइल फोन से मिले सुराग ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस के अनुसार, भागा निवासी बबलू ने खुद को धनबाद का सांसद बताकर पुणे के शिवाजीनगर निवासी एक कारोबारी से संपर्क किया था। उसने धनबाद में सामूहिक विवाह सहित कई बड़े सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कराने का प्रस्ताव दिया। अपनी कथित राजनीतिक पहचान और प्रभाव का भरोसा दिलाकर उसने कारोबारी से अलग-अलग किस्तों में 12 लाख रुपये से अधिक की रकम ले ली।
काफी समय बीतने के बाद भी जब कार्यक्रम आयोजित कराने की दिशा में कोई पहल नहीं हुई तो कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने पुणे में प्राथमिकी दर्ज कराई। इस मामले में कांड संख्या 270/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी बातचीत के लिए अलग-अलग लोगों के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था। इसी क्रम में एक किशोरी का मोबाइल फोन भी इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली। मोबाइल की जांच और पूछताछ के बाद पुलिस को बबलू के बारे में सुराग मिला।
इसके बाद पुणे क्राइम ब्रांच की टीम धनबाद पहुंची और जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के भागा में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक किशोरी समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हालांकि, पूछताछ के बाद तीन लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि बबलू को गिरफ्तार कर लिया गया।
मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर ठगी की रकम, संभावित सहयोगियों और इस तरह की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ करने की तैयारी में है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने सांसद बनकर अन्य कारोबारियों या लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।





