जामताड़ा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह समाजसेवी गणेश चंद्र मित्रा का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही जामताड़ा और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। वे कांग्रेस के पुराने और समर्पित नेताओं में शामिल थे। राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी।
उनके निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपिका बेसरा, जिला उपाध्यक्ष पंकज झा, प्रखंड अध्यक्ष समर माजी और नाला पंचायत के मुखिया अजित मुर्मू सहित कई नेता उनके आवास पर पहुंचे। सभी ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उनके निधन पर दुख जताया।
बताया जाता है कि गणेश चंद्र मित्रा प्रत्येक वर्ष निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन करवाते थे। उनके प्रयासों से सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को आंखों की जांच और उपचार की सुविधा मिली तथा कई लोगों के जीवन में दोबारा रोशनी आई। समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए वे हमेशा तत्पर रहते थे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि गणेश चंद्र मित्रा के निधन से कांग्रेस परिवार ने अपना एक सच्चा सिपाही खो दिया है। जिला उपाध्यक्ष पंकज झा ने उन्हें कांग्रेस का मजबूत स्तंभ और समर्पित समाजसेवी बताया। वहीं प्रखंड अध्यक्ष समर माजी ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित कर दिया था।
राजद नेता अशोक माजी ने कहा कि गणेश चंद्र मित्रा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समाज के लिए काम करते थे। उनका नेत्र सेवा अभियान हमेशा याद किया जाएगा।
श्रद्धांजलि देने वालों में डॉ. राधा मंडल, विजय कुमार दुबे, नंद किशोर सिंह, अजित कुमार दुबे, बाम सारखेल, गुलशन अली, विजय माजी, पूर्णिमा धर, राजेंद्र घोष, जितेंद्रनाथ मंडल और नारद घोष सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
**संवाददाता – संतोष कुमार, जामताड़ा**





