सहरसा। जिले के कहरा प्रखंड अंतर्गत पड़री गांव की बेटी सुषमा कुमारी ने अपनी कला प्रतिभा के दम पर सहरसा का नाम रोशन किया है। सुषमा को पटना स्थित प्रसार भारती दूरदर्शन केंद्र के कार्यक्रम में कथक की प्रस्तुति देने का अवसर मिला है। दूरदर्शन केंद्र की ओर से उन्हें बी ग्रेड प्रदान किया गया है। इसका प्रमाण पत्र 24 अगस्त 2026 को जारी किया गया।
सुषमा सर्व नारायण सिंह राम कुमार सिंह कॉलेज, सहरसा की छात्रा हैं और शहर के स्वरांजलि संस्थान में कथक का प्रशिक्षण ले रही हैं। कथक के साथ वह गायन और तबला की भी शिक्षा ले रही हैं। उन्हें प्रो. गौतम सिंह और प्रो. भारती सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।
सुषमा इससे पहले भी राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय कई मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। कोलकाता स्थित सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में उन्होंने कथक की शानदार प्रस्तुति दी थी। इसके अलावा फकीर मोहन यूनिवर्सिटी, ओडिशा में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार की ओर से पटना में आयोजित शुक्रगुलजार एवं शनिवाहार कार्यक्रम में भी उन्होंने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
सुषमा कई बार राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में सहरसा जिले का प्रतिनिधित्व कर पुरस्कार हासिल कर चुकी हैं। कथक और गायन की प्रस्तुतियों के जरिए उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय मंचों और सांस्कृतिक महोत्सवों में दर्शकों की खूब सराहना बटोरी है।
सुषमा मोहन कुमार खां और वंदना देवी की पुत्री हैं। दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुति का अवसर मिलने से उनके परिवार के साथ-साथ पड़री गांव और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। उनके गुरु प्रो. गौतम सिंह और प्रो. भारती सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
वहीं, पड़री गांव के बुजुर्गों और गणमान्य लोगों ने भी सुषमा को आशीर्वाद देते हुए कला के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। स्थानीय लोगों ने कहा कि सुषमा की उपलब्धि जिले की सांस्कृतिक प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है। दूरदर्शन के मंच पर उनकी प्रस्तुति से सहरसा की लोक और शास्त्रीय कला को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।





