नवगछिया हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी की तलाश में निकली नवगछिया पुलिस ने नया टोला बस स्टैंड के समीप स्थित एक मकान में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को मकान में कथित अनैतिक व्यापार से जुड़ी गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के उद्देश्य से पुलिस टीम संबंधित मकान तक पहुंची थी। वहां तलाशी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा किया गया है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। इसके बाद पूरे मामले को लेकर जांच का दायरा बढ़ाया गया।
**अलग-अलग स्थानों से भी लोगों को किया गया डिटेन**
नवगछिया डीएसपी सायम राजा ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में कुछ सूचनाएं मिली थीं। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ अन्य लोगों को अलग-अलग स्थानों से डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की कुल संख्या फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
डीएसपी के मुताबिक, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पूरे मामले में किन लोगों की क्या भूमिका रही है। मकान से बरामद बताई जा रही सामग्री और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
**साक्ष्यों के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई**
पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच प्रारंभिक चरण में है। पूछताछ और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों की भूमिका निर्धारित की जाएगी। जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी नहीं माना जा सकता।
**कई पुलिस अधिकारी और जवान रहे शामिल**
छापेमारी अभियान में नवगछिया डीएसपी सायम राजा, खरीक थाना के एडिशनल एसएचओ अजहर आलम, नवगछिया टाउन थाना के दरोगा जम्मू कुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहे। फिलहाल पुलिस की पूछताछ और जांच जारी है। पूरे मामले में आधिकारिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






