एसी कोच की सीलिंग में छिपाकर नई दिल्ली से सहरसा लाई गई शराब, 261 बोतल बरामद; एक गिरफ्तार

सहरसा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) सहरसा ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वैशाली एक्सप्रेस के खाली एमटी रैक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। शराब की कुल 261 बोतलें बरामद की गई हैं, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 53 हजार 250 रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ सहरसा को अपराध आसूचना शाखा, समस्तीपुर से गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 15566 के खाली रैक में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पोस्ट कमांडर धनंजय कुमार यादव के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक महेश कुमार सिंह और राजेश कुमार काजी ने निगरानी शुरू की।

 

टीम गेट संख्या 30 के पास पहुंची तो दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे। आरपीएफ जवानों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए युवक की पहचान सौर बाजार थाना क्षेत्र के इंद्रवा वार्ड संख्या-6 निवासी 25 वर्षीय कोशिश कुमार के रूप में हुई है।

 

तलाशी के दौरान उसके पास से विदेशी शराब की दो बोतलें बरामद हुईं। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह सहरसा में रेलवे के कैरेज एंड वैगन विभाग की देखरेख में वाशिंग पिट में निजी कंपनी के अधीन प्लंबर, कारपेंटर और ट्रिमिंग का काम करता है। उसने बताया कि खाली एमटी कोच की एसी बोगी में कुछ लोगों ने शराब छिपाकर रखी थी और उसने उसमें से दो बोतलें निकाल ली थीं।

 

इसके बाद आरपीएफ टीम ने पुराने वाशिंग पिट की लाइन संख्या-01 में खड़ी ट्रेन संख्या 15565/66 के खाली एमटी कोच की एसी बोगियों की जांच की। कोच संख्या ए-1, बी-3 और बी-5 की छत की सीलिंग से विभिन्न ब्रांड की कुल 261 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोतल 750 एमएल की थी। कुल शराब की मात्रा 197.25 लीटर आंकी गई है।

 

बरामद शराब को जब्त कर उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया। उत्पाद निरीक्षक सहरसा संजीत कुमार और उनकी टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। पुलिस अब शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Related Posts

रोक के आदेश के बावजूद दाखिल-खारिज का आरोप, महिषी अंचल कर्मचारी और आरओ पर कार्रवाई की मांग

सहरसा। जिले के महिषी अंचल में न्यायालय के रोक आदेश के बावजूद विवादित जमीन का दाखिल-खारिज किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर मुरली निवासी शुभंकर चौधरी…

CIA परीक्षा के नाम पर छात्रों से 1100 रुपये वसूली का आरोप, विरोध के बाद परीक्षा स्थगित

मधेपुरा। बीएन मंडल विश्वविद्यालय की संबद्ध इकाई आरपीएम डिग्री कॉलेज, तुनियाही में सेमेस्टर-6 की CIA परीक्षा के नाम पर छात्रों से 1100 रुपये शुल्क लिए जाने का मामला सामने आया…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *