जामताड़ा से रांची तक खो-खो का जोश, प्रीमियम लीग ट्रायल के लिए जिला टीम रवाना

जामताड़ा। झारखंड खो-खो प्रीमियम लीग सीजन-1 के लिए जामताड़ा जिले की बालक वर्ग की टीम पूरी तैयारी के साथ रांची के लिए रवाना हो गई। जिला टीम का चयन ट्रायल रविवार, 13 सितंबर को रांची स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल मैदान के खो-खो ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। ट्रायल में शामिल होने के लिए जिले के 20 सदस्यीय दल ने शनिवार रात पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से रांची के लिए प्रस्थान किया।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, झारखंड राज्य खो-खो संघ के तत्वावधान में 19 से 21 नवंबर 2026 तक झारखंड खो-खो प्रीमियम लीग सीजन-1 का आयोजन प्रस्तावित है। इसी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन को लेकर ओपन ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। जामताड़ा के खिलाड़ियों में ट्रायल को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

 

टीम की रवानगी के मौके पर जामताड़ा जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. दुर्गा दास भंडारी, वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी और सचिव नंदन सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। संघ के सचिव नंदन सिंह ने कहा कि सभी खिलाड़ी पूरी तैयारी के साथ ट्रायल में हिस्सा लेने जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करेंगे।

 

इस मौके पर संघ के उपाध्यक्ष भूपेश गुप्ता और कमलेश मंडल सहित समाजसेवी संजीत सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जामताड़ा के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। खेल के क्षेत्र में खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।

 

टीम की रवानगी के दौरान संघ के कोषाध्यक्ष गौरव जोशी, अनीश रंजन, आकाश साव, अंजनी झा, सुभाष सोरेन, राज कुमार हेम्ब्रम, राम मुर्मू, लक्ष्मण मुर्मू, जीत, विशाल सहित कई खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे। अभिभावकों और खेलप्रेमियों ने टीम के खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और प्रीमियम लीग के लिए अधिक से अधिक खिलाड़ियों के चयन की उम्मीद जताई।

 

संवाददाता – संतोष कुमार, जामताड़ा

Related Posts

गोल्फ ग्राउंड में मेला लगाने के विरोध में खिलाड़ी और स्थानीय लोग, विधायक जयराम महतो को सौंपा ज्ञापन

धनबाद। शहर के प्रमुख खेल मैदान गोल्फ ग्राउंड में मेला लगाने की संभावित तैयारी को लेकर स्थानीय युवाओं, खिलाड़ियों और होमगार्ड एसोसिएशन ने विरोध जताया है। इसी सिलसिले में रविवार…

धनबाद मेमको मोड़ चेक पोस्ट के पास दो दुकानों में चोरी, जूस मशीन, पंखा और बर्तन ले गए चोर

धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मेमको मोड़ चेक पोस्ट के समीप स्थित दो दुकानों में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने खेदू मिठाई दुकान और…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *