
रोहतास जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम लोगों के स्वास्थ्य को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर शुक्रवार को सासाराम नगर क्षेत्र में मिठाई और खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और पैकेट पर दर्ज जरूरी जानकारियों की जांच की।
जांच के दौरान कुछ दुकानों में ऐसे खाद्य पैकेट पाए गए, जिन पर समाप्ति तिथि यानी एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थी। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर संभावित खतरे को देखते हुए जांच टीम ने संबंधित पैकेटों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा कई दुकानों से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रह किए गए, जिन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
**DM ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश**
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावटी, अमानक और पैकेट पर आवश्यक विवरण के बिना खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जांच अभियान लगातार जारी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है।
**खरीदारी से पहले पैकेट की करें जांच**
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि मिठाई, बिस्कुट, नमकीन और अन्य पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, पैकेट पर अंकित अन्य जरूरी विवरण और गुणवत्ता संबंधी जानकारी जरूर जांच लें।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों में सतर्कता बढ़ गई है। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि उपभोक्ताओं की सेहत से जुड़े इस अभियान में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिले में जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





