सहरसा। प्रभात खबर के डिजिटल पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ कथित मारपीट के विरोध में रविवार को छात्र, युवा और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सहरसा के वीर कुंवर सिंह चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सिविल सर्जन डॉ. राजनारायण प्रसाद का पुतला दहन कर घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, शनिवार दोपहर पत्रकार अभिषेक कुमार सहरसा सदर अस्पताल में मध्यान्ह भोजन में कथित तौर पर मरी हुई छिपकली मिलने की खबर संकलित करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. एसके आजाद और अस्पताल प्रबंधक सिपी कुमारी की ओर से बड़ी संख्या में पैरामेडिकल छात्रों को बुलाया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इसी दौरान पत्रकार के साथ मारपीट की गई, जिसमें वे घायल हो गए। इसके बाद उनका इलाज नारायण मेडिकल कॉलेज में कराया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि घटना को लेकर सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने के कारण आक्रोश है। इसी के विरोध में छात्र और युवा संगठनों ने प्रदर्शन कर पुतला दहन किया।
पुतला दहन कार्यक्रम में युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मनीष कुमार ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन करते हुए सहरसा बंद का आह्वान किया जाएगा।
एआईएसएफ के पूर्व छात्र नेता शंकर कुमार ने अस्पताल प्रबंधक सिपी कुमारी की नियुक्ति की जांच की मांग की। वहीं, आरवाईए के राष्ट्रीय परिषद सदस्य कुंदन यादव ने पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रशासन से जुड़े पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की।








