भागलपुर। कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने के साथ जरूरत के समय सहायता सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर की टीम ने शनिवार को शहर के विभिन्न प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान तनिष्क, रिलायंस ट्रेंड्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कर्मियों से प्रत्यक्ष संवाद किया गया।
अभियान में जेंडर स्पेशलिस्ट विवेक कुमार, फाइनेंशियल लिटरेसी स्पेशलिस्ट अभिषेक सुमन, कामकाजी महिला छात्रावास ‘आकांक्षा’ की अधीक्षिका स्वाति कुमारी और सहायक अधीक्षिका पूजा कुमारी शामिल रहीं। टीम ने महिला कर्मियों को सुरक्षित आवास और विभिन्न सहायता सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
जागरूकता अभियान के दौरान महिला छात्रावास ‘आकांक्षा’ में उपलब्ध सुविधाओं, पात्रता और प्रवेश प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। टीम ने कामकाजी महिलाओं को छात्रावास की सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि नौकरी या काम के सिलसिले में शहर में रहने वाली महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण है।
इसके अलावा महिलाओं को किसी संकट, हिंसा या अन्य परेशानी की स्थिति में महिला हेल्पलाइन 181 से सहायता और मार्गदर्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। टीम ने बताया कि जरूरत पड़ने पर महिलाएं हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
अभियान के दौरान वित्तीय साक्षरता, महिला सशक्तिकरण और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। महिला कर्मियों को सरकार की ओर से उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
अभियान के बाद विभिन्न प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कर्मियों को ‘आकांक्षा’ छात्रावास और हेल्पलाइन 181 के संबंध में जानकारी मिली। महिलाओं ने सुरक्षित आवास और सहायता सेवाओं के प्रति रुचि भी व्यक्त की। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे जागरूकता अभियानों से महिलाओं को अपने अधिकारों और उपलब्ध सरकारी सेवाओं की जानकारी मिलने के साथ उनकी सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।





