भागलपुर के नवगछिया में अवैध आग्नेयास्त्रों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रंगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छापेमारी कर एक देसी राइफल, तीन देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में मनीकांत कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इसकी जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सायम रजा ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
पुलिस के अनुसार, रंगरा थाना क्षेत्र के झल्लू दास टोला स्थित उदय दास के घर में अवैध हथियार रखे जाने की सूचना मिली थी। बताया गया कि उदय दास के दामाद मनीकांत कुमार द्वारा हथियारों को बिक्री के लिए रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मनीकांत कुमार, पिता भोपाल दास, निवासी भीमदास टोला, थाना रंगरा को एक देसी राइफल के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर उसके ससुर उदय दास के घर से तीन देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इस मामले में रंगरा थाना कांड संख्या 235/26, दिनांक 8 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बीए) और 26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पिछले तीन महीनों से नवगछिया क्षेत्र में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री, निर्माण और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान पुलिस ने दो मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। साथ ही अब तक 27 अवैध हथियार और 89 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। अभियान के दौरान कुल 35 आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






