भागलपुर में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस का जागरूकता अभियान, मोक्षदा गर्ल्स हाई स्कूल में छात्राओं को बताए बचाव के तरीके

भागलपुर: जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से भागलपुर पुलिस ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में आदमपुर स्थित मोक्षदा गर्ल्स हाई स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया।

 

Sponsored Advertisement

बिहार पुलिस मुख्यालय की साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई, पटना के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक नगर, भागलपुर ने की। मौके पर साइबर डीएसपी और साइबर थाना भागलपुर की टीम भी मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए।

 

फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से रहें सावधान

 

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, वेबसाइट, सोशल मीडिया अकाउंट, फिशिंग लिंक और क्यूआर कोड के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। निवेश में अधिक मुनाफा, लॉटरी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, केवाईसी अपडेट, बिजली बिल भुगतान, बैंक खाता बंद होने की चेतावनी और नौकरी या लोन दिलाने के नाम पर भी धोखाधड़ी की जाती है।

 

पुलिस ने छात्राओं को स्पष्ट रूप से बताया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड का विवरण, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन और पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू रखने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखने की सलाह भी दी गई।

 

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी संदिग्ध कॉल, संदेश, ई-मेल, मोबाइल ऐप या क्यूआर कोड पर बिना सत्यापन भरोसा नहीं करना चाहिए। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। समय पर शिकायत करने से धनराशि को आगे स्थानांतरित होने से रोकने में मदद मिल सकती है।

 

परिवार और समाज तक पहुंचाएं जागरूकता

 

कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें साइबर सुरक्षा से जुड़े सवालों के जवाब दिए गए। पुलिस ने विद्यार्थियों से इस जागरूकता संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने की अपील की।

 

भागलपुर पुलिस के अनुसार, जिले के अन्य विद्यालयों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके।

Related Posts

सहरसा में नशा मुक्त बिहार अभियान का शुभारंभ, डीएम बोले- नशे की लत जिंदगी कर देती है बर्बाद

बिहार को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नशा मुक्त बिहार अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सहरसा कॉलेज ऑफ…

कोचस में दिनदहाड़े 3 करोड़ की लूट की आशंका, हथियारबंद अपराधियों ने आभूषण दुकान को बनाया निशाना

बिहार के रोहतास जिले के कोचस बाजार में दिनदहाड़े हथियार के बल पर आभूषण की दुकान में बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। चार की संख्या में पहुंचे हथियारबंद…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *