गया: बिहार के गया जिले में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। लुटुआ थाना क्षेत्र के सिंघवा जंगल से सुरक्षा बलों ने करीब 5 किलोग्राम का शक्तिशाली आईईडी बरामद किया है। आशंका है कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के इरादे से विस्फोटक को पहले से जमीन में छिपाकर रखा था। बरामद आईईडी को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, डी/215 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल को जंगल में विस्फोटक छिपाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर डी/215 बटालियन सीआरपीएफ की कंपनी और लुटुआ थाना पुलिस ने चिन्हित इलाके में संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नागोवार जंगल से गुलरिया तरी होते हुए सिंघवा क्षेत्र तक जवानों ने अभियान चलाया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान सिंघवा जंगल में हैंड मेटल डिटेक्टर की मदद से जमीन के अंदर संदिग्ध विस्फोटक की मौजूदगी का पता चला। इसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद स्टील के कंटेनर में रखा आईईडी बरामद किया गया। इसे काले रंग की पॉलिथीन में लपेटकर जमीन के अंदर प्लांट किया गया था।
बताया जा रहा है कि आईईडी में कमांड मैकेनिज्म भी लगा हुआ था। हालांकि, सुरक्षा बलों की सतर्कता से नक्सलियों की योजना सफल नहीं हो सकी। बम निरोधक दस्ते ने आईईडी को मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया।
पूरे अभियान का नेतृत्व डी/215 सीआरपीएफ के कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर गौरव कुमार ने किया। सीआरपीएफ के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल ने बताया कि लुटुआ थाना क्षेत्र के जंगल से शक्तिशाली आईईडी बरामद कर डिफ्यूज किया गया है और इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।
इस बरामदगी को सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। माना जा रहा है कि समय रहते आईईडी का पता लगने से संभावित बड़ी घटना को टाल दिया गया।






