गया: बिहार के गया जिले की पटवा टोली, जिसे आईआईटियन की नगरी के रूप में जाना जाता है, इन दिनों रक्षाबंधन की खास तैयारियों में जुटी है। यहां आईआईटी, जेईई और नीट की तैयारी कर रही छात्राएं पिछले एक सप्ताह से अपने हाथों से आकर्षक राखियां बना रही हैं। इन राखियों में मोतिया, सितारे, नग और रंग-बिरंगे कांच के मोती समेत कई तरह की सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।
छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए तिरंगे वाली विशेष राखी तैयार की है। छात्राओं का कहना है कि महिलाओं और बेटियों को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रधानमंत्री की पहल से वे उत्साहित हैं। 15 अगस्त को लाल किले से निशुल्क आईआईटी और नीट की तैयारी को लेकर की गई घोषणा से भी छात्राओं में खुशी है। इसी उत्साह के चलते इस बार पीएम मोदी के लिए खास तिरंगा राखी तैयार की गई है।
वहीं, देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए एक हजार से अधिक राखियां बनाई जा रही हैं। इन राखियों में भारतीय सेना के प्रतीक एंबलम का इस्तेमाल किया गया है। छात्राओं का कहना है कि सैनिक रक्षाबंधन पर भी अपनी ड्यूटी निभाते हैं और परिवार से दूर रहते हैं। ऐसे में राखियां भेजकर वे सैनिकों को बहन के प्यार का एहसास कराना चाहती हैं।
आईआईटी की तैयारी कर रही छात्रा शोभा कुमारी ने बताया कि छात्राएं पिछले एक सप्ताह से राखियां तैयार कर रही हैं। इस बार पहली बार प्रधानमंत्री के लिए तिरंगे वाली राखी बनाई गई है, जबकि जवानों के लिए एक हजार से ज्यादा राखियां तैयार की जा रही हैं।
वृक्ष वी द चेंज संस्था के फाउंडर चंद्रकांत पटवारी के अनुसार, राखियां डाक के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में तैनात सैनिकों को भेजी जाएंगी। पीएम मोदी के लिए राखी पीएमओ कार्यालय भी भेजी जाएगी।
पटवा टोली बुनकरों की नगरी के साथ अब इंजीनियरों की भूमि के रूप में भी पहचान बना चुकी है। यहां से एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं इंजीनियर बनकर देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।






