लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का डीआईजी ने दिया निर्देश, तीनों जिलों के एसपी के साथ की समीक्षा

सहरसा। कोशी क्षेत्र में लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. कुमार आशीष ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा जिले में लंबित कांडों की जिलावार समीक्षा की। बैठक में तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।

 

Sponsored Advertisement

समीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी ने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन के लिए सभी थानों एवं अनुसंधानकर्ताओं का अलग-अलग मासिक लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारण में नए मामलों के साथ पुराने लंबित कांडों को भी शामिल किया जाए, ताकि सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके।

 

उन्होंने जिन मामलों में जख्म प्रतिवेदन और अंतिम चिकित्सीय मंतव्य लंबित हैं, उनकी अस्पतालवार सूची तैयार कर जिला पदाधिकारी एवं सिविल सर्जन को पत्र भेजने का निर्देश दिया। वहीं, विधि-विज्ञान प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट लंबित रहने पर संबंधित निदेशक को पत्र भेजने और पूर्व में भेजे गए पत्रों पर स्मार-पत्र जारी करने को कहा।

 

स्थानांतरण के बाद दूसरे स्थान पर जा चुके पुलिस पदाधिकारियों के पास लंबित कांडों का प्रभार रहने की स्थिति में तत्काल विधिवत प्रभार हस्तांतरित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं अंचल पुलिस निरीक्षकों को कांडवार प्रभार ग्रहण की तिथि का सत्यापन कर 28 नवंबर 2026 तक प्रतिवेदन डीआईजी कार्यालय में जमा करने को कहा गया।

 

डीआईजी ने सीसीटीएनएस की प्रविष्टियों और अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय के माध्यम से कांडों के निष्पादन का सत्यापन करने, अंतिम प्रपत्र लंबित मामलों को चिह्नित कर शीघ्र निष्पादित कराने तथा गंभीर मामलों में अभियोजन पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्पीडी ट्रायल कराने पर भी जोर दिया।

 

बैठक में नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने का निर्देश भी दिया गया। तीनों जिलों के एसपी को अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण और तस्करी से संबंधित शिकायतों की थानावार समीक्षा कराने को कहा गया। इसके अलावा शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

 

डीआईजी ने कहा कि नशा छोड़ने के इच्छुक लोगों को स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नजदीकी उपचार एवं परामर्श केंद्रों से जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर से ही कोशी क्षेत्र के तीनों जिलों में लंबित कांडों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। इस संबंध में बिहार पुलिस मुख्यालय से भी आवश्यक निर्देश प्राप्त हैं।

Related Posts

इस्लामपुर स्कूल विवाद: जांच में चावल गबन का आरोप बेबुनियाद, शिक्षकों की सुरक्षा के लिए डीईओ ने लिखा पत्र

सहरसा नवहट्टा नगर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर में मध्याह्न भोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब प्रशासनिक स्तर पर पहुंच गया है। विद्यालय में शिक्षकों के साथ कथित…

जामताड़ा में साइबर ठगी के 10 आरोपी गिरफ्तार, 16 मोबाइल, 17 सिम और लैपटॉप बरामद

जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 16 मोबाइल, 17…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *