जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 16 मोबाइल, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फर्जी कस्टमर केयर नंबर और एपीके फाइल के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी स्थित पर्वत टांड़ी के पीछे छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 77/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद अंसारी (23), समीर अंसारी (24), दिलबर अंसारी (21), कलीम अंसारी (42) और इमरान अंसारी (25) के रूप में हुई है। सभी बदरचुआ गांव के रहने वाले हैं।
वहीं, साइबर अपराध थाना कांड संख्या 76/26 में विशेष टीम ने संजय मंडल, राज मंडल, गुड्डू मंडल, धीरज कुमार साव और रोशन कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गूगल पर ई-कॉमर्स, ई-पेमेंट और उपभोक्ता कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालते थे। इसके जरिए लोगों की कॉल प्राप्त कर समस्या समाधान के नाम पर मोबाइल में एपीके फाइल भेजते और गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी करते थे। इसके अलावा अपने नाम पर चार-पांच से अधिक सिम कार्ड लेकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इनका नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला था।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से 25 नवंबर 2026 तक साइबर अपराध के मामलों में कुल 170 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 410 मोबाइल, 496 सिम, 37 एटीएम कार्ड, सात पासबुक, चार लैपटॉप, 24 लाख 33 हजार 700 रुपये नकद और 13 मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।





