कास्ता-अफजलपुर मार्ग पर ट्रैक्टर पलटा, इलाज के दौरान चालक शेख अकबर की मौत, इलाके में शोक

जामताड़ा नाला थाना क्षेत्र के कास्ता-अफजलपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रैक्टर चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा बड़डंगाल गांव के समीप सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में चालक ट्रैक्टर के इंजन वाले हिस्से में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। मृतक की पहचान शेख अकबर के रूप में हुई है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह शेख अकबर ट्रैक्टर लेकर कास्ता-अफजलपुर मार्ग से गुजर रहे थे। बड़डंगाल गांव के पास पहुंचते ही अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि चालक ट्रैक्टर के इंजन वाले हिस्से में दब गए। उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

 

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने चालक को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल पश्चिम बंगाल के केलेजोड़ा अस्पताल ले जाया गया।

 

केलेजोड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने शेख अकबर की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए आसनसोल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर आसनसोल अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। हालांकि, इलाज के दौरान ही शेख अकबर ने दम तोड़ दिया।

 

मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी गांव में पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

हादसा किस वजह से हुआ, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। प्रारंभिक तौर पर ट्रैक्टर के असंतुलित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। आवेदन मिलने के बाद पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

ग्रामीणों ने वाहन चालकों से अपील की है कि कास्ता-अफजलपुर मार्ग पर वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और सावधानी बरतें, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

 

संवाददाता — संतोष कुमार, जामताड़ा

Related Posts

स्कूल जा रहे शिक्षक की स्कूटी बालू में फिसली, 15 मीटर तक घिसटे; इलाज के दौरान मौत

भागलपुर के इंग्लिश चिचरौन गांव के पास फोरलेन सड़क पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक सरकारी शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नाथनगर के भुवालपुर निवासी…

टेंपो-बोलेरो की भीषण टक्कर में सीआरपीएफ जवान की मौत, पत्नी और बच्चों समेत 6 घायल

सासाराम रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छुट्टी पर घर आए सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई। निमियाडीह गांव के समीप…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *