धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा बीबीएम कॉलेज के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार केटीएम बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात वाहन से जा टकराई। मृतक की पहचान निरसा थाना क्षेत्र के डुमरिया आखबेड़िया निवासी बिपुल कुमार महतो के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बिपुल कुमार महतो सोमवार को अपने घर से केटीएम बाइक से बलियापुर स्थित बीबीएम कॉलेज पहुंचे थे। कॉलेज में उनका कुछ काम था। काम पूरा करने के बाद उन्हें धनबाद जाना था। इसी दौरान कॉलेज के समीप अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिपुल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बलियापुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच के उपरांत बिपुल कुमार महतो को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
वहीं, हादसे के बाद जिस अज्ञात वाहन से बाइक की टक्कर हुई, उसका चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त केटीएम बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से फरार वाहन तथा उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।








