शराब कारोबारी के साथ डांस करना ASI को पड़ा भारी, मुजफ्फरपुर में पुलिसकर्मी निलंबित

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब कारोबारियों से पुलिसकर्मियों की कथित नजदीकी का मामला सामने आया है। मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में डायल-112 में पदस्थापित पुलिस सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) विपिन सिंह को एक चिन्हित शराब कारोबारी के साथ डांस करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

 

Sponsored Advertisement

यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर की है। मामला उस समय सामने आया, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में एएसआई विपिन सिंह एक व्यक्ति के साथ डांस करते नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिसकर्मी के आचरण को लेकर सवाल उठने लगे।

 

एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी पूर्वी-01 को मामले की जांच सौंपी गई। जांच के दौरान सामने आया कि वीडियो में एएसआई के साथ डांस कर रहा व्यक्ति औराई थाना क्षेत्र का चिन्हित शराब कारोबारी दिलचंद राय है।

 

पुलिस जांच के मुताबिक, दिलचंद राय के खिलाफ शराब बरामदगी से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में आरोप पत्र यानी चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। ऐसे आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति के साथ पुलिस पदाधिकारी की इस तरह की नजदीकी को विभाग ने गंभीर अनुशासनहीनता माना है।

 

एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि गंभीर आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति के साथ इस प्रकार का मेलजोल पुलिस सेवा की गरिमा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के विरुद्ध है। विभागीय जांच में एएसआई विपिन सिंह का आचरण अनुशासनहीन, लापरवाह और स्वेच्छाचारी पाया गया, जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई।

 

डीएसपी पूर्वी-01 की जांच रिपोर्ट के आधार पर एएसआई विपिन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

 

Related Posts

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने 3 हजार शिक्षाविदों को किया सम्मानित, निजी विद्यालयों की समस्याएं जल्द हल करने का दिया आश्वासन

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने 3 हजार शिक्षाविदों को किया सम्मानित, निजी विद्यालयों की समस्याएं जल्द हल करने का दिया आश्वासन

किशनगंज में वाहन जांच अभियान का एसपी संतोष कुमार ने लिया जायजा, पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश

किशनगंज में वाहन जांच अभियान का एसपी संतोष कुमार ने लिया जायजा, पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *