नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर आंदोलन की शुरुआत करने की तैयारी में है। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने कहा कि ‘जंतर-मंतर सीजन-2’ जल्द शुरू होगा। हालांकि, उन्होंने आंदोलन की तारीख का खुलासा नहीं किया।

अभिजीत दिपके ने बताया कि दिल्ली में CJP के वॉलंटियर्स की बैठक के लिए हॉल बुक किया गया था, लेकिन कथित दबाव के कारण आखिरी समय में मुश्किलें सामने आईं। उनका आरोप है कि हॉल मालिकों को धमकियां दी गईं और बैठक की अनुमति देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई। दिपके ने इन घटनाओं के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतों से पार्टी डरने वाली नहीं है।

Sponsored Advertisement

CJP के सौरभ दास ने इसे आंदोलन का ‘सीजन-2’ बताते हुए देशव्यापी ‘लिसनिंग टूर’ शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए लोगों की समस्याएं और राय जानी जाएंगी। खास तौर पर सरकारी स्कूलों की स्थिति को अभियान का प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा। CJP ने अभिभावकों और नागरिकों से सरकारी स्कूलों का सोशल ऑडिट करने, वहां की स्थिति रिकॉर्ड करने और सुधार के लिए आवाज उठाने की अपील की है।

वहीं, CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि आजादी के बाद से सरकारी स्कूलों की लगातार अनदेखी हुई है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से अभियान शुरू कर गांवों के स्कूलों को बेहतर बनाने की मांग की जाएगी। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों से स्कूलों की स्थिति सुधारने की अपील की जाएगी और मांग पूरी नहीं होने पर विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।

अभिजीत दिपके ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य देशभर के उन ग्रामीण स्कूलों की स्थिति सुधारना है, जिन्हें लंबे समय से नजरअंदाज किया गया है।

इससे पहले CJP के आंदोलन के दौरान कई जगह तनाव और हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। छात्रों के प्रदर्शन में पुलिसकर्मियों के घायल होने और लाठीचार्ज की खबरें आई थीं। इन घटनाओं को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा था और संसद में भी मुद्दा उठाया गया था।