कैमूर: बिहार के कैमूर जिले में अंधविश्वास और आपसी विवाद का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। अधौरा थाना क्षेत्र के एक गांव में भूत-प्रेत और जादू-टोना करने के आरोप में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कथित तौर पर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मृतका के बड़े बेटे ने आरोप लगाया कि पट्टीदारों के बीच लंबे समय से भूत-प्रेत और जादू-टोना को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम पट्टीदार पक्ष की एक महिला उसकी मां को अपने घर बुलाकर ले गई। आरोप है कि घर के अंदर ले जाने के बाद बुजुर्ग महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया गया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
परिजनों का आरोप है कि महिला को गर्म लोहे से दागा गया और लाठी-डंडे समेत अन्य हथियारों से भी हमला किया गया। मारपीट में उसकी आंखों को भी गंभीर नुकसान पहुंचाया गया। महिला की हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई।
मृतका के बेटे ने बताया कि घटना के समय वह और उसका भाई घर पर मौजूद नहीं थे। दोनों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बेटे ने तीन महिलाओं समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हालांकि, पुलिस के अनुसार अभी तक परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।






