भागलपुर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब, हथियार, मादक पदार्थों की बरामदगी और अपराधियों की धरपकड़ को लेकर जिले में लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शिवनारायणपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 11-12 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के बेका चाय दुकान के समीप कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने सशस्त्र बल के साथ इलाके में सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पीरपैंती की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस बल को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से एक देसी कट्टा और 28 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि दूसरे के पास से दो जिंदा कारतूस मिले।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के बकिया दियारा निवासी धर्मेंद्र कुमार मंडल और राकेश उर्फ राजेश मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल एक देसी कट्टा, 30 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हथियार और कारतूस के स्रोत तथा उनके आपराधिक मंसूबों का पता लगाने में जुटी है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





