सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर कोसी एक्सप्रेस के ब्रेक पैड में लगी आग, आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

सहरसा-मानसी रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह हटिया-कोसी एक्सप्रेस के एक कोच के ब्रेक पैड में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मियों और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18625 हटिया-कोसी एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची। ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटे 13 मिनट की देरी से स्टेशन पहुंची थी और यहां करीब 43 मिनट तक रुकी रही। इसी दौरान एक कोच के पहिए के पास ब्रेक पैड से आग की लपटें और धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

 

रेलवे की रिपोर्ट के मुताबिक, एम/2-213815/एसईआर नंबर वाले चेसिस/कोच के पहिए से आग निकलती देखी गई। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग पर काबू पाने के लिए करीब छह अग्निशामक यंत्रों का इस्तेमाल किया गया।

 

रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों की जांच में ब्रेक ब्लॉक जाम होने की बात सामने आई। तकनीकी टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने के बाद ट्रेन को करीब 6:13 बजे आगे के लिए रवाना कर दिया।

 

फायर ब्रिगेड के फायरमैन संतोष कुमार ने बताया कि ब्रेक पैड में आग लगने की सूचना मिलने के बाद टीम तत्काल सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।

 

समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं, मामले को लेकर समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

 

 

Related Posts

भागलपुर में VLCC का नया आउटलेट शुरू, मेयर वसुंधरा लाल ने किया उद्घाटन

भागलपुर। शहर में सौंदर्य, त्वचा और बालों की देखभाल से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं का एक और विकल्प जुड़ गया है। सैंडिस कंपाउंड के पास पुलिस लेन रोड में VLCC का…

पलामू में 16 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत

पलामू नौडीहा बाजार। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के खैरादोहर गांव में 16 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रमोद भुईयां की पुत्री सुमन कुमारी…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *