भोजपुर में BJP विधायक की हत्या की कथित साजिश, गुमनाम पत्र से मचा हड़कंप

भोजपुर: बिहार के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राकेश रंजन उर्फ राकेश रंजन ओझा की हत्या की कथित साजिश का मामला सामने आया है। विधायक के पैतृक गांव ओझवलिया स्थित आवास पर डाक के जरिए एक गुमनाम पत्र पहुंचा, जिसमें हैंड ग्रेनेड और शूटर के माध्यम से विधायक पर हमले की योजना का दावा किया गया है। पत्र मिलने के बाद विधायक ने पुलिस को सूचना देकर मामले की जांच और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

विधायक के पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, उन्हें यह पत्र 8 जुलाई को मिला था। पत्र भेजने वाले ने अपना नाम विकास कुमार और पता शाहपुर, भोजपुर बताया था। पत्र में दावा किया गया कि भागलपुर जेल में बंद कुछ आरोपियों द्वारा विधायक की हत्या की साजिश रची जा रही है। इसमें जेल के अंदर बंदियों की गतिविधियों और बाहर के लोगों से उनकी मुलाकात से जुड़े गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

Sponsored Advertisement

पत्र में कथित तौर पर हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए हैंड ग्रेनेड की व्यवस्था और शूटर के इस्तेमाल की बात कही गई थी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने 19 जुलाई को सनहा दर्ज किया। शुरुआती जांच के बाद 3 अगस्त को करनामेपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस के अनुसार, विधायक के आवेदन पर भागलपुर विशेष केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक राजीव कुमार झा, आरा कोर्ट बम ब्लास्ट कांड के आरोपी लंबू शर्मा, कुबेर मिश्रा और हरीश मिश्रा को नामजद किया गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

इस मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि विधायक के परिवार का आपराधिक घटनाओं से पुराना संबंध रहा है। वर्ष 2016 में उनके पिता और भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विशेश्वर ओझा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, 16 अप्रैल 2025 को विधायक राकेश रंजन ओझा पर भी गोलीबारी की घटना हुई थी।

भोजपुर एसपी राज ने बताया कि गुमनाम पत्र के जरिए विधायक को धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस पत्र भेजने वाले की पहचान, आरोपों की सत्यता, तकनीकी साक्ष्य, जेल से जुड़े तथ्यों और नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। कॉल रिकॉर्ड्स की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि हत्या की वास्तविक साजिश थी या गुमनाम पत्र के जरिए डर का माहौल बनाने की कोशिश की गई।

Related Posts

बेटी हुई तो अस्पताल में मना जश्न, फूल-माला से सजी गाड़ी में हुई नन्ही परी की विदाई

बेटी हुई तो अस्पताल में मना जश्न, फूल-माला से सजी गाड़ी में हुई नन्ही परी की विदाई

मुजफ्फरपुर में महिला कांस्टेबल से पिस्टल के बल पर चेन लूट, विरोध पर अपराधियों ने की फायरिंग

मुजफ्फरपुर में महिला कांस्टेबल से पिस्टल के बल पर चेन लूट, विरोध पर अपराधियों ने की फायरिंग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *