
बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में मजदूरी को लेकर शुरू हुआ विवाद बुधवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। आरोप है कि मनियारी गांव निवासी 60 वर्षीय चंदेश्वर चौधरी को गोली मारने के बाद मुख्य आरोपी अजीत तिवारी उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर फरार हो गया। कई घंटे बीत जाने के बाद भी घायल बुजुर्ग का कोई पता नहीं चल सका, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चंदेश्वर चौधरी अपने पड़ोसी केदार चौधरी के साथ बाइक से जोगिया गांव गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले से मौजूद अजीत तिवारी ने उन्हें अपने दरवाजे पर बुलाया। किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चंदेश्वर चौधरी को गोली मार दी। इसके बाद घायल अवस्था में ही उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर वहां से लेकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच मजदूरी के काम को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक घर छोड़कर दूसरे घर में मजदूरी करने को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था, जिसने आखिरकार हिंसक रूप ले लिया।
घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर पर हमला कर दिया और मकान में आग लगा दी। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर समेत कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और हालात बिगड़ने लगे।
स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच भी टकराव हो गया। दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी हुई, जिसमें कई ग्रामीण और कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, एसडीएम दिलीप कुमार और एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया।
घटना के बाद चंदेश्वर चौधरी का परिवार गहरे सदमे में है। उनकी पत्नी बिमला देवी और दोनों पुत्रों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि जब तक चंदेश्वर चौधरी का पता नहीं चलता, तब तक उन्हें चैन नहीं मिलेगा।
इस बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी रौशन कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी अजीत तिवारी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि घायल बुजुर्ग का पता लगाया जा सके और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सके।
फिलहाल पुलिस चंदेश्वर चौधरी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही आगजनी, हिंसा और पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।





