धनबाद दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को धनबाद जिला प्रशासन की ओर से समाहरणालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सदर अस्पताल और शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सन्नी राज ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, मेडिकल टीम, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में रक्तदाता मौजूद रहे।
यह रक्तदान शिविर दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति को समर्पित किया गया। शिविर में सदर अस्पताल और एसएनएमएमसीएच की विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने रक्त संग्रह की पूरी व्यवस्था संभाली। रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। आयोजन के दौरान लोगों में रक्तदान को लेकर उत्साह देखने को मिला।
शिविर का उद्घाटन करते हुए डीडीसी सन्नी राज ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वेच्छा से रक्तदान करें और समाज में दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
डीडीसी ने कहा कि कई बार दुर्घटनाओं, प्रसव, बड़ी सर्जरी और गंभीर बीमारियों के दौरान मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाताओं द्वारा दिया गया रक्त किसी के लिए जीवनदान साबित होता है। उन्होंने बताया कि नियमित अंतराल पर रक्तदान करने से रक्तदाता के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी कई लाभ भी मिलते हैं।
जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस तरह के जनहितकारी आयोजनों से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अस्पतालों के ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहेगा, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सकेगा। प्रशासन ने जिले के नागरिकों से भविष्य में भी ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
संवाददाता : राजेश कुमार





