अररिया में पनार नदी का कहर: 5 घर समाए, दर्जनों परिवारों पर मंडरा रहा कटाव का खतरा

अररिया: बिहार के अररिया जिले के प्रसादपुर पंचायत के घोड़माड़ा गांव में पनार नदी का लगातार हो रहा कटाव ग्रामीणों के लिए बड़ी चिंता का कारण बन गया है। नेपाल के तराई क्षेत्र से निकलने वाली यह नदी हर साल बाढ़ के साथ तबाही मचाती है, लेकिन इस बार जलस्तर घटने के बाद भी तेज कटाव जारी है। नदी गांव के बेहद करीब पहुंच चुकी है, जिससे कई परिवारों के घर और जमीन खतरे में हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार अब तक चार से पांच घर नदी में समा चुके हैं, जबकि दर्जनों परिवार हर पल अपने आशियाने को बचाने की जद्दोजहद कर रहे हैं। वार्ड संख्या-2 के निवासी मो. आलम का कहना है कि कटाव के कारण लोगों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और गांव में आवागमन भी प्रभावित हो गया है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी कटावरोधी कार्य कराने की मांग की है।

Sponsored Advertisement

ग्रामीण नाजरीन बताती हैं कि उनका घर नदी के बिल्कुल किनारे पहुंच गया है। रात में डर के कारण परिवार का एक सदस्य जागकर पहरा देता है। उन्होंने मजदूरी कर नया मकान बनाया, लेकिन कटाव के डर से अब तक प्लास्टर भी नहीं करा सकी हैं।

गांव के मो. अनवर का कहना है कि यदि नदी का बहाव पहले वाली दिशा में मोड़ दिया जाए तो गांव को काफी राहत मिल सकती है। उनका आरोप है कि हाल ही में फ्लड फाइटिंग के तहत बोरी में बालू और मिट्टी भरकर कटाव रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन तेज बहाव में अधिकांश सामग्री बह गई और राहत कार्य बेअसर साबित हुआ।

वार्ड संख्या-3 के नसीम हुसैन ने बताया कि उनके परिवार के तीन मकान कटाव की चपेट में आ चुके हैं। बांस के झुरमुट और पेड़-पौधे भी नदी में बह गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निरीक्षण के लिए पहुंचे अधिकारियों ने उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं सुना।

वहीं, जोकीहाट के अंचल अधिकारी हर्ष हरि ने कहा कि फ्लड फाइटिंग टीम के माध्यम से कटाव रोकने का कार्य कराया गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जहां आवश्यकता होगी, वहां आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि खतरा अभी टला नहीं है। यदि जल्द स्थायी कटावरोधी उपाय और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में कई और घर पनार नदी में समा सकते हैं।

  • Related Posts

    कोसी रेंज डीआईजी ने उदाकिशुनगंज एसडीपीओ कार्यालय का किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और लंबित कांडों के निष्पादन पर जोर

    सहरसा: पुलिस उप महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा ने मंगलवार को मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआईजी ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण…

    ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9.660 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

    पलामू: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.660 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने इस…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *