धनबाद में सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता माने जा रहे ऑपरेशन ‘दौरा पहाड़’ के तहत गिरफ्तार भाकपा (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य और 2.20 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा समेत पांचों आरोपियों को बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रांची से धनबाद लाया गया। सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में धनबाद मंडल कारा भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जंगली इलाके में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों ने मिसिर बेसरा उर्फ सागर, उर्फ भास्कर, उर्फ सुर्निमल के साथ 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली मेहनत उर्फ मोछू उर्फ विभीषण, गौरव उर्फ बिरेंद्र हांसदा उर्फ सौरम तथा उनके दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद सभी को पहले रांची पुलिस मुख्यालय ले जाया गया, जहां बुधवार को डीजीपी तदाशा मिश्रा और धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर पूरे ऑपरेशन की जानकारी दी।
इसके बाद सभी आरोपियों को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच धनबाद लाया गया। धनबाद पहुंचते ही बरवाअड्डा पुलिस उन्हें सीधे सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां मेडिकल जांच कराई गई। अस्पताल परिसर को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। कैदी वाहन के आगे और पीछे सुरक्षा बलों की कई गाड़ियां तैनात थीं, जबकि बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा में लगाए गए थे।
मेडिकल जांच के दौरान सभी आरोपियों के चेहरे नकाब से ढके हुए थे और सुरक्षा कारणों से किसी को भी उनकी तस्वीर लेने की अनुमति नहीं दी गई। डॉक्टरों ने सभी की स्वास्थ्य जांच पूरी करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच पांचों आरोपियों को धनबाद जेल भेज दिया गया। पूरे अभियान के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए थे।
— संवाददाता: राजेश कुमार






