बिहार के सहरसा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 स्थित पासवान टोला में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर की छत पर बने गेट और दीवार को तोड़कर अंदर घुसे और करीब ₹5 लाख मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़कर साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, यह मकान असम राइफल से वर्ष 2018 में सेवानिवृत्त हुए विनय कुमार ठाकुर का है। वे मूल रूप से नवहट्टा थाना क्षेत्र के मुरादपुर वार्ड संख्या-7 के निवासी हैं और वर्ष 2020 से सहरसा नगर निगम के पासवान टोला स्थित अपने मकान में रह रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, विनय कुमार ठाकुर अपनी पत्नी के साथ 21 जुलाई को अपने बेटे से मिलने पुणे गए हुए हैं। इसी दौरान मंगलवार की रात चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाया। छत के रास्ते घर में प्रवेश कर गोदरेज अलमारी और ट्रंक का ताला तोड़ा तथा उसमें रखे सोना-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
बुधवार सुबह करीब सात बजे विनय कुमार ठाकुर के भतीजे मुरारी ठाकुर घर की देखभाल के लिए पहुंचे तो मुख्य दरवाजा और घर के अंदर का सामान बिखरा मिला। जांच करने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और उसका डीवीआर भी साथ ले गए हैं। आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
संवाददाता : इन्द्रदेव जी, सहरसा





