धनबाद के सिंदरी निवासी एक परिवार ने अपने बेटे की जर्मनी में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद विदेश मंत्रालय, जर्मनी प्रशासन और जिला प्रशासन से न्याय की मांग की है। गांधी सेवा सदन में आयोजित प्रेसवार्ता में परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बेटे के शव को भारत लाने, मौत की निष्पक्ष जांच कराने और जर्मनी में मौजूद उसके आठ महीने के बेटे की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
धनबाद जिले के सिंदरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रंगामाटी निवासी तपन मिश्रा ने विदेश मंत्रालय और धनबाद के उपायुक्त को आवेदन सौंपकर बताया कि उनका पुत्र तुफान मिश्रा जर्मनी की राजधानी बर्लिन में कार्यरत था। परिवार के अनुसार, 5 जुलाई 2026 की शाम लगभग पांच बजे उनकी बहू का फोन आया, जिसमें बताया गया कि तुफान की अचानक तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि कुछ ही देर बाद अस्पताल से तुफान मिश्रा के निधन की सूचना मिली, जिससे पूरा परिवार सदमे में आ गया।
प्रेसवार्ता के दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद उन्हें अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट या मौत के कारणों से जुड़ा कोई आधिकारिक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया है। उनका कहना है कि मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया जा रहा है, जिससे उनकी शंका और गहरी हो गई है। परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि आवश्यक हो तो भारतीय दूतावास और जर्मन प्रशासन की संयुक्त निगरानी में पूरे मामले की जांच कराई जाए।
परिवार ने यह भी बताया कि तुफान मिश्रा का आठ महीने का बेटा फिलहाल जर्मनी में ही है। बच्चे की सुरक्षा और देखभाल को लेकर परिवार काफी चिंतित है। उन्होंने भारत सरकार से आग्रह किया है कि बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उसे सुरक्षित भारत लाने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
परिजनों ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार, जर्मनी प्रशासन और धनबाद जिला प्रशासन से मांग की है कि तुफान मिश्रा के शव को जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए, मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पूरे मामले में परिवार को न्याय दिलाया जाए। फिलहाल इस आवेदन पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है, इस पर परिवार समेत पूरे क्षेत्र की नजर बनी हुई है।





