
धनबाद पुलिस ने कतरास थाना क्षेत्र के ईस्ट बसुरिया ओपी अंतर्गत सोरीटांड़-कौशलपुरम के पास हुई सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। एसआईटी की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना लोहे का पाइप, पत्थर, बाइक, मृतक का मोबाइल, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित कई अहम सबूत बरामद किए गए हैं।
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने रविवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 23 जुलाई की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि सोरीटांड़-कौशलपुरम के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक के सिर और चेहरे को पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या की गई थी। घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक की टाटा नेक्सन कार भी बरामद हुई। जांच के दौरान मृतक की पहचान बरवाअड्डा निवासी 57 वर्षीय जयराम मांझी के रूप में हुई, जो बीसीसीएल में कार्यरत थे। मृतक की पत्नी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी ने बाघमारा एसडीपीओ अजीत विमल के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस ने तेतुलमारी के खास सिजुआ निवासी कुंदन कुमार और प्रेम चौहान उर्फ पुष्पा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सना लोहे का पाइप, पत्थर, मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। साथ ही दोनों आरोपियों के खून लगे कपड़े और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी कुंदन कुमार ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसी दौरान उसकी दोस्ती बीसीसीएल कर्मी जयराम मांझी से हुई। पैसों के लालच में उसने प्रेम चौहान के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से जयराम मांझी की हत्या कर दी। हालांकि आरोपी मृतक के खाते से पैसे निकालने में सफल नहीं हो सके।
पुलिस का कहना है कि एसआईटी की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर केस का 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया गया। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।





