सिमडेगा पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के दो शातिर गिरफ्तार, लाखों के सोने-चांदी के जेवर बरामद

सिमडेगा: सिमडेगा पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, चोरी में प्रयुक्त बाइक और औजार बरामद किए हैं। साथ ही चोरी के गहने बेचकर बैंक में जमा किए गए ₹3 लाख को भी फ्रीज कराया गया है।

मामले की जानकारी देते हुए सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के हरिजन टोली स्थित एक घर में हुई चोरी के बाद सदर थाना कांड संख्या 92/2026 के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी चोरी के सामान के साथ छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में छिपे हुए हैं।

Sponsored Advertisement

सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम में सदर थाना प्रभारी संजीत कुमार, केरसई थाना प्रभारी विनायक पांडेय, एसआई संतोष कुमार राय, एसआई सोनू पाठक, एएसआई चंद्रमोहन होरो तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस टीम ने जशपुर में छापेमारी कर गिरोह के सदस्य अनिकेत टोप्पो को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने गुमला के गांधी नगर से उसके साथी सैफ अली को भी दबोच लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 150 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलोग्राम से अधिक चांदी के गहने, चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक और अन्य उपकरण बरामद किए।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अपराधियों के खिलाफ सिमडेगा में पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में भी छह मामले दर्ज हैं। दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

अंत में एसपी ने जिले के लोगों से अपील की कि यदि वे घर बंद कर बाहर जा रहे हैं तो इसकी सूचना नजदीकी थाना को अवश्य दें, ताकि पुलिस गश्ती के दौरान उनके घर की निगरानी कर सके और चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

  • Related Posts

    सहरसा में दोस्त के चाचा ने युवक को मारी गोली, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार

    सहरसा जिले के कहरा क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली लगने से घायल युवक को परिजनों ने आनन-फानन में…

    भागलपुर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत; गोतिया पक्ष पर लाठी-डंडे से हमला करने का आरोप

    भागलपुर। खरीक थाना क्षेत्र के तेलघी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अति नंदन चौधरी के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *