पलामू: झारखंड के पलामू जिले में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 320 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है।

पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में हुसैनाबाद थाना पुलिस और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से बिहार की ओर अवैध गांजा की बड़ी खेप भेजी जा रही है। इसके बाद पुलिस ने वाहनों की सघन जांच शुरू की।

जांच के दौरान यूपी-14 एफटी-6583 नंबर के ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने का पता चला। जब तहखाने को खोला गया तो उसमें प्लास्टिक के 10 बोरों में भरा कुल 320 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है।

मौके से ट्रक चालक राजेश यादव (45 वर्ष), पिता शंकर यादव, निवासी मदनपुर, थाना छत्तरपुर, जिला पलामू को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और बिहार में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

Sponsored Advertisement
11:11 Cafe & Restaurant Advertisement

पुलिस ने बरामद 320 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और अन्य आवश्यक साक्ष्यों को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पलामू पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।