सिंदरी पहुंचे बोकारो रेंज के आईजी, पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा; थाना प्रभारियों को बेहतर कानून-व्यवस्था और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

बोकारो रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने शनिवार को धनबाद जिले के सिंदरी अनुमंडल पुलिस कार्यालय पहुंचकर पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और विभागीय कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। आईजी ने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने के साथ-साथ लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने के निर्देश दिए।

 

Sponsored Advertisement

सिंदरी पहुंचने पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा का धनबाद के एसएसपी, सिटी एसपी और सिंदरी एसडीपीओ ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। औपचारिक स्वागत के बाद आईजी सीधे अनुमंडल पुलिस कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सिंदरी अनुमंडल के सभी थाना प्रभारी और संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

 

समीक्षा बैठक के दौरान आईजी ने विभिन्न थानों में दर्ज लंबित कांडों, विभागीय जांच, अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंभीर मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए, अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जाए।

 

आईजी ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही अपराध की रोकथाम के लिए नियमित गश्त, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने पर भी जोर दिया।

 

बैठक के अंत में आईजी ने सभी पुलिस अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा जनता का विश्वास जीतने के लिए ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। अधिकारियों ने भी बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया।

 

संवाददाता: राजेश कुमार

  • Related Posts

    दीपावली पर बिहार में सुरक्षा का सख्त पहरा, 20 हजार पुलिसकर्मी तैनात; 750 दमकल वाहन अलर्ट

    दीपावली को लेकर बिहार में उत्साह चरम पर है। बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है और घरों से लेकर प्रतिष्ठानों तक सजावट की जा रही है। त्योहार के…

    नशे में धुत पीजी छात्र की तेज रफ्तार कार से एमबीबीएस छात्र की मौत का आरोप, न्याय की मांग पर मेडिकल छात्रों का धरना

    भागलपुर में सड़क हादसे में एमबीबीएस छात्र डॉक्टर रूपेश सोनी की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर मेडिकल छात्रों में भारी आक्रोश है। न्याय…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *