JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में शनिवार को जामताड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जिला इकाई के बैनर तले जिला मुख्यालय स्थित सुभाष चौक पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और इंडी गठबंधन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। “JPSC-JSSC में घोटाला बंद करो”, “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” और “इंडी सरकार इस्तीफा दो” जैसे नारों से पूरा सुभाष चौक गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले कई वर्षों से JPSC और JSSC की परीक्षाएं लगातार विवादों में रही हैं, लेकिन सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।
इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि राज्य के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों के साथ विश्वासघात कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लगाया जा रहा है और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को जेल भेजने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने तक भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।
करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो पूरे जिले में चरणबद्ध और उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संवाददाता: संतोष कुमार






