पंजाब बॉर्डर पर BSF जवान चंदन सिंह की संदिग्ध मौत, परिवार ने जताई साजिश की आशंका, उच्चस्तरीय जांच की मांग

मुंगेर के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के जवायद गांव निवासी बीएसएफ जवान चंदन कुमार सिंह की पंजाब के फिरोजपुर स्थित भारत-पाकिस्तान सीमा पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

35 वर्षीय चंदन कुमार सिंह वर्ष 2014 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे और वर्तमान में फिरोजपुर सेक्टर में तकनीशियन के पद पर तैनात थे। संयोग की बात यह है कि जिस 22 जुलाई 2014 को उन्होंने बीएसएफ की वर्दी पहनकर देश सेवा की शुरुआत की थी, ठीक 12 साल बाद 22 जुलाई 2026 को उसी तारीख को उनका निधन हो गया।

परिजनों के अनुसार, 22 जुलाई की देर रात बीएसएफ कैंप से सूचना मिली कि चंदन गंभीर हालत में हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

चंदन की पत्नी अंजू देवी, जो बांका जिले में सरकारी शिक्षिका हैं, ने मौत पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दो दिन पहले चंदन ने फोन पर बताया था कि कंपनी परिसर में सीलिंग फैन की मरम्मत के दौरान किसी जवान द्वारा स्विच ऑन कर देने से उनकी दाहिनी आंख के पास गंभीर चोट लगी थी। पत्नी का आरोप है कि मामूली चोट के बाद अचानक मौत होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि वह बीएसएफ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगी।

पिता ब्रजेश सिंह, मां रंजू देवी और दोनों भाइयों ने भी कहा कि परिवार को मौत की वास्तविक वजह जानने का अधिकार है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या साजिश सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

बीएसएफ जवान चंदन कुमार सिंह का पार्थिव शरीर शुक्रवार को उनके पैतृक गांव लाया जाएगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। फिलहाल बीएसएफ की ओर से मौत के कारणों पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने तक मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।

Related Posts

बिहार बंद से पहले पटना प्रशासन अलर्ट, हिंसा और उपद्रव पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम-एसएसपी

25 जुलाई को प्रस्तावित ‘बिहार बंद’ को लेकर राजधानी पटना में जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। शुक्रवार को पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और…

मटेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर प्रशासन का फोकस, डीएम-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

श्रावणी मेला को लेकर सहरसा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। शुक्रवार को सिमरी बख्तियारपुर स्थित प्रसिद्ध मटेश्वर धाम मंदिर परिसर में जिला पदाधिकारी दीपेश…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *