नाला में छात्रों का हल्ला बोल: भ्रष्ट शिक्षा व्यवस्था, NEET पेपर लीक और सोनम वांगचुक के समर्थन में नुक्कड़ सभा

जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड में रविवार को अखिल भारतीय छात्र नौजवान संघ के बैनर तले छात्रों ने भ्रष्ट शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक और पर्यावरणविद् एवं समाज सुधारक सोनम वांगचुक के समर्थन में नुक्कड़ सभा आयोजित कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सभा के दौरान छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

 

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि देश में शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर सरकारें गंभीर नहीं हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग रहा है। वक्ताओं ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसी घटनाओं ने छात्रों का भरोसा तोड़ा है और कई अभ्यर्थी मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसी घटनाओं के दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

सभा में वक्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक के समर्थन में भी अपनी आवाज बुलंद की। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण धरना, प्रदर्शन और अनशन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक की मांगों की अनदेखी की जा रही है और हाल में दिल्ली पुलिस द्वारा उन्हें जबरन हटाया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। छात्र नेताओं ने इसे सरकार के तानाशाही रवैये का प्रतीक बताते हुए इसकी निंदा की।

 

छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। सभा के अंत में केंद्र सरकार से सोनम वांगचुक की मांगों पर तत्काल वार्ता करने, शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार खत्म करने तथा पेपर लीक के मामलों में सख्त कानून बनाकर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की गई।

 

सभा को छात्र संघ के जिला अध्यक्ष सुदन मुर्मू एवं नौजवान संघ के जिला प्रभारी मिहिर मंडल ने संबोधित किया। इस अवसर पर अशोक पाल, संजय पाल, मिलन मंडल, सौरभ माजी, प्रशांत पाल सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा मौजूद रहे।

 

संवाददाता: संतोष कुमार

Related Posts

धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन से कार्यकारिणी सदस्य पद से हटाए जाने पर सदस्य का विरोध, कहा- बिना सूचना की गई कार्रवाई

धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन से कार्यकारिणी सदस्य पद से हटाए जाने पर सदस्य का विरोध, कहा- बिना सूचना की गई कार्रवाई

मानसून से पहले धनबाद नगर निगम अलर्ट, जलजमाव से निपटने के लिए मेयर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मानसून से पहले धनबाद नगर निगम अलर्ट, जलजमाव से निपटने के लिए मेयर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *