अपराध की दुनिया छोड़ने की मिली सजा! मुजफ्फरपुर में युवक को दिनदहाड़े गोली मारी, हत्या से इनकार पर हमले का आरोप


बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराध छोड़कर सामान्य जिंदगी जीने की कोशिश कर रहे एक युवक पर दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घायल युवक का आरोप है कि उसके पुराने साथी ने हत्या करने का दबाव बनाया था। इनकार करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और आखिरकार घर पहुंचते ही उस पर फायरिंग कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।


मामला मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव का है। गुरुवार शाम काम से लौटकर घर खाना खाने पहुंचे सूरज कुमार पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उसकी जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं।

घायल सूरज कुमार ने बताया कि वह पहले अपराध की दुनिया से जुड़ा था, लेकिन नवंबर 2025 में जेल से रिहा होने के बाद उसने अपराध का रास्ता हमेशा के लिए छोड़ दिया। उसने कोर्ट और स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर सामान्य जीवन जीने की जानकारी दी थी और दूसरे की गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। सूरज का आरोप है कि उसका पुराना साथी मनीष कुमार लगातार एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए दबाव बना रहा था। जब उसने इससे साफ इनकार कर दिया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई और उसकी रेकी कराई गई।

सूरज ने यह भी बताया कि पहले उसकी पुलिस के साथ मुठभेड़ हो चुकी थी, जिसके बाद उसने अपनी जिंदगी बदलने का फैसला किया। वह नियमित रूप से थाने में अपनी उपस्थिति भी दर्ज करा रहा था।

सरैया एएसपी अभिजीत कौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल के बयान के आधार पर मनीष कुमार को मुख्य आरोपी बनाया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पुरानी आपराधिक रंजिश और हत्या करने से इनकार के एंगल से पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल घायल का इलाज एसकेएमसीएच में जारी है।

Related Posts

बक्सर में सूखे की मार: धान की रोपनी ठप, सूख रहे बिचड़े, किसान बोले– खेत प्यासे, व्यवस्था बेबस

बक्सर में सूखे की मार: धान की रोपनी ठप, सूख रहे बिचड़े, किसान बोले– खेत प्यासे, व्यवस्था बेबस

मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन कटने से मचा हड़कंप, स्कूल के कई छात्रों की बिगड़ी तबीयत, जांच शुरू

मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन कटने से मचा हड़कंप, स्कूल के कई छात्रों की बिगड़ी तबीयत, जांच शुरू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *