बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-12 सी स्थित एक बंद आवास में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद चोरों ने टूटे हुए ताले की जगह दूसरा ताला लगा दिया, जिससे घटना का पता घर लौटने पर ही चल सका। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-12 सी स्थित आवास संख्या-3104 में रहने वाले सेल कर्मचारी अकील प्रसाद महली बुधवार को अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर पास के गांव गए थे। गुरुवार शाम जब वे वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे पर लगा ताला बदला हुआ है। संदेह होने पर ताला खुलवाकर घर के अंदर प्रवेश किया तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से गहने एवं नकदी गायब थी।
गृहस्वामी अकील प्रसाद महली ने बताया कि उन्होंने हाल ही में 5 जुलाई को इस नए आवास में शिफ्ट किया था। उनके अनुसार, चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया और बाद में पहचान छिपाने या घटना को देर से उजागर करने के उद्देश्य से दूसरा ताला लगा दिया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 3.5 लाख रुपये मूल्य के गहने और नकदी की चोरी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अन्य तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रिहायशी इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
संवाददाता : चंदन सिंह, बोकारो





