
जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड स्थित प्रसिद्ध देवलेश्वर धाम मंदिर में 18 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेला उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सावन महीने में बड़ी संख्या में झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं और कांवरियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मंदिर प्रबंधन समिति और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार शाम मंदिर परिसर में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नाला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) किशोर तिर्की और थाना प्रभारी विकास कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पेयजल, बिजली, रोशनी, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, लाउडस्पीकर व्यवस्था, स्वयंसेवकों की तैनाती, पुजारियों की ड्यूटी और नियंत्रण कक्ष की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मेले के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीपीओ किशोर तिर्की ने कहा कि पूरे श्रावणी मेले के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने मंदिर समिति से अधिक से अधिक स्वयंसेवकों को शामिल कर भीड़ नियंत्रण और पूजा व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने की अपील की।
बांग्ला पंचांग के अनुसार 18 जुलाई से शुरू होने वाला यह मेला एक महीने तक चलेगा। सामान्य दिनों की तुलना में प्रत्येक सोमवार और पूर्णिमा के दिन श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ने की संभावना है। मंदिर परिसर में फूल, बेलपत्र, प्रसाद, जलपान, भोजन तथा अन्य आवश्यक सामग्री की अस्थायी दुकानें सजेंगी। दुकानदारों के लिए स्थान आवंटन और साफ-सफाई को लेकर भी आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में मंदिर समिति के सचिव राम हांसदा, मागाराम विद, हीरालाल मंडल, नारायण पातर, समीर कुमार नंदी, प्रभाकर पाल, विजयानंद झा, प्रकाश चंद्र माजी, मंटू मोहन पाल, हाराधन कर, कृष्णमय पाल, श्यामापद मंडल और पल्लव कुमार पाल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने विश्वास जताया कि प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से इस वर्ष का श्रावणी मेला श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार साबित होगा।
संवाददाता : संतोष कुमार, जामताड़ा





