जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान एक युवक को 19 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में नशे के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं और पूरे गिरोह पर शिकंजा कसने की कार्रवाई जारी है।
थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे के नेतृत्व में बागबैर-कालाझरिया मुख्य मार्ग पर शीतलपुर मैदान के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक (JH-21P-3347) को रोककर तलाशी ली। बाइक की डिक्की से 19 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार युवक की पहचान हेट भीठरा गांव निवासी शराफत अंसारी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम राजा भी मौके पर पहुंचे और आरोपी से गहन पूछताछ की।

पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने शराफत के पिता मुर्तेज अंसारी के घर पर भी छापेमारी की। हालांकि वहां से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ और मुर्तेज अंसारी फरार मिला। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण नाम सामने आए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।

इस मामले में थाना प्रभारी के लिखित आवेदन पर करमाटांड़ थाना कांड संख्या 53/26 दर्ज किया गया है। शराफत अंसारी और उसके पिता मुर्तेज अंसारी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जामताड़ा न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में एसआई विकास कुमार तिवारी, मुकेश कुमार भोक्ता सहित करमाटांड़ थाना के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।