धनबाद में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। शहर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े चोरों ने एक कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप, मोबाइल, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। घटना के बाद पीड़ित ने धनबाद थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मामला धनबाद के सदर थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र सरोवर के पास का है। जानकारी के अनुसार गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के ईसरी बाजार निवासी कालीचरण साव अपनी कार की सर्विसिंग कराने धनबाद आए थे। सर्विसिंग के बाद वह निजी काम से राजेंद्र सरोवर पहुंचे और अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी।
इसी दौरान पहले से मौके की तलाश में बैठे अज्ञात चोरों ने कार की बाईं ओर का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद कार के अंदर रखा एचपी कंपनी का लैपटॉप, एक मोबाइल फोन, करीब 35 हजार रुपये नकद और बैग में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को भनक तक नहीं लगी।
जब कालीचरण साव वापस अपनी कार के पास पहुंचे तो शीशा टूटा देख उनके होश उड़ गए। कार के अंदर रखा सारा सामान गायब था। उन्होंने तुरंत धनबाद थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये है। उनका कहना है कि शहर के सबसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े इस तरह की वारदात होना कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
फिलहाल धनबाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








