सहरसा के सोनवर्षा राज में युवक की संदिग्ध मौत, घर के दरवाजे पर मिला युवक; जांच में जुटी पुलिस

सहरसा जिले के नगर पंचायत सोनवर्षा राज में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव उसके घर के दरवाजे पर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

 

मृतक की पहचान नगर पंचायत सोनवर्षा राज के वार्ड संख्या-6 निवासी 34 वर्षीय रूपेश साह, पिता स्वर्गीय जुगोसर साह, के रूप में हुई है। उनका घर सोनवर्षा राज थाना से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।

 

परिजनों के अनुसार, रूपेश साह गुरुवार की शाम करीब सात बजे सलखुआ थाना क्षेत्र के हेरपुर गांव में आयोजित एक भोज में शामिल होने गए थे। बताया गया कि वह मुन्नू नामक व्यक्ति के चार पहिया वाहन से भोज में गए थे। देर रात तक वह घर नहीं लौटे। शुक्रवार सुबह जब उनकी भाभी घर के बाहर गाय को चारा खिलाने निकलीं तो उन्होंने रूपेश साह को घर के दरवाजे पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उनकी मौत हो चुकी थी। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

 

परिजनों ने बताया कि रूपेश साह अपने पीछे तीन पुत्र छोड़ गए हैं। परिवार पहले से ही आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है। बताया गया कि उनके बड़े बेटे का एक सड़क दुर्घटना में पैर कट चुका है, जिसके कारण परिवार पहले से ही गहरे संकट में था। अब रूपेश की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

 

घटना की सूचना मिलते ही सोनवर्षा राज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवक की मौत के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

 

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह प्राकृतिक मौत है, हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

 

संवाददाता: इन्द्रदेव जी, सहरसा

Related Posts

धनबाद पुलिस का दावा—अपराध में 30% कमी, लंबित मामले पहली बार 1800 से नीचे; फरार अपराधियों पर चलेगा विशेष अभियान

धनबाद पुलिस का दावा—अपराध में 30% कमी, लंबित मामले पहली बार 1800 से नीचे; फरार अपराधियों पर चलेगा विशेष अभियान

बनगांव-देवनवनगोपाल की कृषि भूमि अधिग्रहण का ग्रामीणों ने किया विरोध, डीएम को सौंपा ज्ञापन

बनगांव-देवनवनगोपाल की कृषि भूमि अधिग्रहण का ग्रामीणों ने किया विरोध, डीएम को सौंपा ज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *