भागलपुर जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में भागलपुर जिला आयु वर्ग (अंडर-17) शतरंज चयन प्रतियोगिता-2026 का आयोजन आगामी 12 जुलाई (रविवार) को किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बिहार राजकीय अंडर-17 शतरंज प्रतियोगिता के लिए भागलपुर जिले की सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन करना है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भागलपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन सात्विक टावर, प्रथम तल, रियल बायोलॉजी क्लासेस, एस.एम. कॉलेज के सामने, भागलपुर में होगा। आयोजन समिति के अनुसार सभी खिलाड़ियों को सुबह 9:30 बजे तक रिपोर्टिंग करनी होगी, जबकि प्रतियोगिता का पहला चक्र सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा। प्रतियोगिता 10 मिनट + प्रत्येक चाल पर 5 सेकंड इन्क्रीमेंट के टाइम कंट्रोल के आधार पर खेली जाएगी।
भागलपुर जिला शतरंज संघ ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक सभी खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। इसके लिए निर्धारित ऑनलाइन एंट्री फॉर्म के माध्यम से आवेदन करना होगा। साथ ही जिन खिलाड़ियों का भागलपुर जिला शतरंज संघ में पूर्व से निबंधन नहीं है, उन्हें पहले अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। केवल निबंधित खिलाड़ियों को ही प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति दी जाएगी।
संघ की ओर से प्रतियोगिता का विस्तृत प्रॉस्पेक्टस भी जारी किया गया है, जिसमें प्रतियोगिता के नियम, पात्रता, समय-सारिणी तथा अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध हैं। आयोजन समिति ने जिले के सभी पात्र शतरंज खिलाड़ियों से समय पर अपना पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।
प्रतियोगिता से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए खिलाड़ी या अभिभावक अंकित कुमार मिश्रा, गोकुल कापरी, सनी कुमार एवं अजय कुमार मिश्रा से संपर्क कर सकते हैं। जिला शतरंज संघ को उम्मीद है कि इस चयन प्रतियोगिता से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और भागलपुर की टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी।







