सहरसा: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रिफ्यूजी कॉलोनी चौक के समीप वेरियर के पास स्थित संध्या किराना स्टोर में मंगलवार देर रात बड़ी चोरी की घटना सामने आई। अज्ञात चोरों ने दुकान की छत का एस्बेस्टस तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी के साथ कॉस्मेटिक एवं अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती और खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को लेकर सवाल उठाए हैं।
दुकान संचालक के अनुसार, चोर दुकान से लगभग 50 हजार रुपये नकद के अलावा कॉस्मेटिक और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। बुधवार सुबह जब दुकान खोली गई तो छत टूटी हुई मिली और दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना को लेकर स्थानीय निवासी मनीष कुमार ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में रात के समय नियमित गश्ती नहीं होने के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से लगाए गए कई सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे अपराधियों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हो रही है।
वहीं, दुकान मालिक एवं वार्ड पार्षद दीपक यादव के भाई राजेश कुमार ने बताया कि उनके किराना स्टोर में हुई चोरी से करीब 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने और खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को शीघ्र चालू कराने की मांग की है।






