LNJP अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री का औचक निरीक्षण, गंदगी पर नाराजगी, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई

पटना के लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि के साथ औचक निरीक्षण किया। मंत्री ने ट्रॉमा सेंटर, वार्ड, ओपीडी, पैथोलॉजी, शौचालय और कैंटीन का जायजा लेकर मरीजों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग महिला ने मंत्री को आवाज लगाकर बताया कि वह पिछले दिन से एक्स-रे के इंतजार में बैठी है। मंत्री ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश देकर उसकी जांच कराने की व्यवस्था कराई।

Sponsored Advertisement

मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत के दौरान साफ-सफाई, जांच में देरी और अन्य समस्याओं की शिकायतें सामने आईं। अस्पताल के कई हिस्सों में गंदगी देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई और पैथोलॉजी विभाग को 24 घंटे संचालित करने का निर्देश दिया। साथ ही लैब टेक्नीशियन और पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा।

स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने निरीक्षण में पाया कि कई डॉक्टर बिना एप्रन के ड्यूटी कर रहे थे। उन्होंने सभी चिकित्सकों को ड्रेस कोड का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। मंत्री ने अस्पताल निदेशक डॉ. राकेश कुमार चौधरी को सभी कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश दिया।

बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित मिले वरिष्ठ सर्जन डॉ. आर.के. रौशन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं मरीज को बाहर से जांच लिखने की शिकायत पर न्यूरोसर्जन डॉ. श्याम किशोर से भी लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने रेडियोलॉजिस्ट, लैब टेक्नीशियन, पैरामेडिकल स्टाफ समेत सभी रिक्त पदों की सूची जल्द स्वास्थ्य विभाग को भेजने का निर्देश दिया ताकि बहाली की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माणाधीन 400 बेड के नए अस्पताल भवन का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि भवन का निर्माण अगस्त 2026 तक पूरा कर सितंबर 2026 से जनता के लिए शुरू कर दिया जाएगा।

अंत में मंत्री ने अस्पताल की कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की और निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

  • Related Posts

    सहरसा में रोजगार मेले का आगाज, 3 हजार से ज्यादा नौकरियों का मौका; युवाओं की उमड़ी भीड़

    सहरसा में रोजगार मेले का आगाज, 3 हजार से ज्यादा नौकरियों का मौका; युवाओं की उमड़ी भीड़

    कविताओं से बाल बंदियों की जिंदगी बदल रहीं गया की शिक्षिका सुधा मिश्रा, भटके बच्चों को दिखा रहीं सही राह

    कविताओं से बाल बंदियों की जिंदगी बदल रहीं गया की शिक्षिका सुधा मिश्रा, भटके बच्चों को दिखा रहीं सही राह

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *